Connect with us

उत्तराखण्ड

नई दिल्ली: नई सोच और नई पहल के साथ होगा खरखीना महोत्सव का आगाज, 6 जून 2027 को होगा आयोजन

अल्मोड़ा/नई दिल्ली। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और सामाजिक जुड़ाव को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से खरखीना महोत्सव 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को नई दिल्ली के गढ़वाल भवन में आयोजित प्रथम बैठक में सर्वसम्मति से महोत्सव की तिथि 6 जून 2027 निर्धारित की गई। महोत्सव का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज खरखीना, पोस्ट नैकना (मासी), तहसील भिकियासैंण, जिला अल्मोड़ा में किया जाएगा।

बैठक का शुभारंभ उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति के प्रतीक ढोल-दमाऊ और मशकबीन की मधुर धुनों के बीच हुआ। बैठक में महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के साथ-साथ इसे सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों और अध्यापकों को एक मंच पर लाकर पुराने संबंधों को मजबूत करना और पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है।

पारदर्शिता के लिए खुलेगा अलग बैंक खाता

महोत्सव की आर्थिक गतिविधियों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बैठक में अलग बैंक खाता खोलने का निर्णय लिया गया। इससे आयोजन से संबंधित आय-व्यय का व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालन किया जा सकेगा।

पूर्व विद्यार्थियों और शिक्षकों की प्रकाशित होगी विशेष बुकलेट

बैठक में राजकीय इंटर कॉलेज खरखीना से जुड़े पूर्व विद्यार्थियों और अध्यापकों की विशेष बुकलेट प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया। इसमें उनके नाम, व्यवसाय, फोटो और वर्तमान पते सहित आवश्यक जानकारियां शामिल की जाएंगी। इसके माध्यम से वर्षों से अलग-अलग स्थानों पर रह रहे पूर्व विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच संपर्क मजबूत करने तथा भविष्य में सामाजिक कार्यों के लिए साझा मंच तैयार करने की योजना है।

भूमिया पूजन, भंडारा और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

खरखीना महोत्सव में भूमिया पूजन, विशाल भंडारा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फैशन शो और पूर्व अध्यापकों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनवरी और फरवरी 2027 में खेलकूद एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को महोत्सव के मुख्य मंच पर सम्मानित किया जाएगा।

सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए महोत्सव में नेत्र जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी योजना बनाई गई है। आयोजकों के अनुसार, जरूरत और प्राप्त सुझावों के आधार पर अन्य गतिविधियां भी शामिल की जाएंगी।

सर्वसम्मति से गठित की गई कार्यकारिणी

महोत्सव के सफल संचालन के लिए बैठक में सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें डॉ. सूरज सिंह नगी और तारा दत्त जोशी को मुख्य संरक्षक, मुकेश शर्मा को मुख्य संयोजक, जोगदा पहाड़ी को सह संयोजक, बंशी धर शर्मा को अध्यक्ष और प्रताप घुगत्याल को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

मोहित सिंह को उपाध्यक्ष, पंकज घुगत्याल और ललित रावत को सचिव तथा सुरेन्द्र सिंह, विशाल चंद्र और विजय रावत को कोषाध्यक्ष बनाया गया। गिरीश जीना को सांस्कृतिक सचिव, बाला दत्त जोशी, हिम्मत पाल और भुवन चंद्र को कार्यक्रम प्रभारी तथा मनीष रावत, दिनकर ठाकुर और सूरज घुगत्याल को सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।

सलाहकार मंडल में लीलाधर शर्मा, लोकेश शर्मा, मोहन नेगी, हीरा सिंह, नंद किशोर शर्मा, यशपाल शर्मा, मोहन जोशी, डीआईजी बालम सिंह बिष्ट और पीताम्बर दत्त शर्मा को शामिल किया गया।

‘एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक—विरासत का सफर’ होगी महोत्सव की थीम

खरखीना महोत्सव 2027 को ‘एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक—विरासत का सफर’ की भावना के साथ आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि पुरानी यादों को ताजा करने, गुरु-शिष्य परंपरा को सम्मान देने, सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने और पहाड़ की लोक संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास करना है।

पहली बैठक में 22 सदस्य रहे मौजूद

प्रथम बैठक में गुरु जी टीका सिंह मेहता, लोकेश शर्मा, यशपाल शर्मा, नंद किशोर शर्मा, प्रताप घुगत्याल, जोगदा पहाड़ी, बाला दत्त जोशी, मुकेश शर्मा, बंशी धर शर्मा, भुवन चंद्र, नीमा आर्य, प्रियांशु सिंह, हर्ष सिंह, मोहित सिंह, मनीष रावत, कृष्ण नंद जोशी, रोशन धारकिया, नीलम जोशी, बसंती बिष्ट, शुभम सिंह, विशाल चंद्र और रोहित सिंह सहित कुल 22 सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में मौजूद सदस्यों ने महोत्सव को भव्य, व्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजकों को उम्मीद है कि यह पहल पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों और नई पीढ़ी के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने के साथ ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ADVERTISEMENTS

More in उत्तराखण्ड

ADVERTISEMENTS

Trending News

Follow Facebook Page

संपादक –

नाम: हर्षपाल सिंह
पता: छड़ायल नयाबाद, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी (नैनीताल)
दूरभाष: +91 96904 73030
ईमेल: [email protected]