उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा : क्वारब स्लाइड जोन के सुधारात्मक कार्यों का कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता के दिए निर्देश…
अल्मोड़ा : क्वारब स्लाइड जोन के सुधारात्मक कार्यों का आयुक्त कुमाऊं ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता के दिए निर्देश।आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत ने शुक्रवार को क्वारब स्लाइड जोन पहुंचकर वहां चल रहे सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि क्वारब स्लाइड जोन जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील स्थान है। ऐसे में यहां किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से किए जाएं तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।इसके उपरांत आयुक्त ने क्वारब बाईपास मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग पर शेष बचे निर्माण एवं सुधार कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी अवशेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाईपास मार्ग के पूर्ण रूप से तैयार होने से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।आयुक्त श्री रावत ने क्षेत्रवासियों एवं यात्रियों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के साथ सहयोग करें।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग हरीश कुमार, ई ई लोक निर्माण विभाग हर्षित गुप्ता, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




