उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: 4 अक्टूबर को शाम 4 से रात 10 बजे तक काठगोदाम-नैनीताल मार्ग बंद, वैकल्पिक रूट से जाएंगे वाहन, पुलिस ने जारी किया रूट चार्ट
हल्द्वानी: कैंची धाम और नैनीताल में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 04 अक्टूबर को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक विशेष वन-वे ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इस दौरान काठगोदाम से नारीमन पॉइंट होते हुए नैनीताल और भीमताल की ओर जाने वाला एनएच मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा।
इस अवधि में नैनीताल और भीमताल की ओर से हल्द्वानी आने वाले वाहनों को ही एग्जिट कराया जाएगा। यानी काठगोदाम से पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को इस मार्ग पर प्रवेश नहीं मिलेगा।
नैनीताल जाने वाले वाहनों के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। दिल्ली और देहरादून की ओर से आने वाले वाहन कालाढूंगी रोड से नैनीताल तिराहा होते हुए नैनीताल जा सकेंगे। वहीं हल्द्वानी से नैनीताल, भीमताल और भवाली की ओर जाने वाले वाहनों को हल्द्वानी-कॉलटेक्स मुखानी-फतेहपुर तिराहा-पटुवाडांगर-बेलुआखान होते हुए भवाली/भीमताल जाना होगा।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि निर्धारित समय में ट्रैफिक प्लान का पालन करें और यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।




