उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: विधायक सुमित हृदयेश ने जताई जान का खतरा होने की आशंका, बोले परिवार के फोन टैप हो रहे, कही गैरसैण सत्र में आत्महत्या की बात
हल्द्वानी: कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंकाएं जताई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक बड़ा गैंग नेताओं के फोन टैप कर रहा है और उनके पूरे परिवार के फोन भी टैप किए जा रहे हैं। विधायक ने आशंका जताई कि उनकी कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए तैयार कर वायरल किए जा सकते हैं। भावुक होते हुए सुमित हृदयेश ने कहा कि उनका जीवन खतरे में है और उनकी गाड़ी का कभी भी एक्सीडेंट कराया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में वह मुख्यमंत्री से शिकायत कर चुके हैं। साथ ही, अप्रैल 2025 में एसएसपी को लिखित शिकायत देने की बात भी कही। विधायक ने आरोप लगाया कि इस कथित गैंग में कुछ बड़े लोग भी शामिल हैं और यह निजी कंपनियों के माध्यम से काम कर रहा है। उन्होंने मामले में न्याय की मांग करते हुए कहा कि उन्हें और उनके बच्चों को खतरा है। सुमित हृदयेश ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान आत्मदाह करेंगे। उन्होंने रामनगर के संजय नेगी और बाजपुर के सोनू शर्मा का जिक्र करते हुए कहा कि यदि इन दोनों को कांग्रेस में शामिल करा दिया जाए तो वह विधायकी छोड़ देंगे। फिलहाल, विधायक की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।



