उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराने वाले चार युवक गिरफ्तार, वायरल वीडियो का SSP मंजूनाथ टीसी ने लिया तत्काल संज्ञान(वीडियो)
हल्द्वानी: दो नहरिया रोड पर सरेआम हुड़दंग मचाने और हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों एवं आमजन को भयभीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।
14 अगस्त की शाम दो नहरिया रोड, हल्द्वानी में दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवकों द्वारा सड़क पर हुड़दंग करने और बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए SSP नैनीताल ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता को विशेष टीम गठित कर युवकों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से युवकों की पहचान की। कार्रवाई के दौरान सीतेश आर्य (25), गोपाल आर्य (30), कुणाल बिष्ट (22) और विशाल कुमार (27), सभी निवासी दमुवाढूंगा, को गिरफ्तार किया गया। जांच में दो नाबालिग भी सामने आए, जिन्हें संरक्षण में लेकर आवश्यक प्रक्रिया के बाद परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सीतेश आर्य शराब के नशे में पाया गया। उसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य युवकों के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मौके से दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल है, जिसके कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, जबकि दूसरी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल संख्या UK04AS-4102 है।
SSP नैनीताल का स्पष्ट संदेश
SSP नैनीताल ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता, गुंडागर्दी, राहगीरों को भयभीत करने अथवा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे किसी भी वीडियो का पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगी, जिसमें सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई दे।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, हे0का0 इसरार, का0 दिनेश नगरकोटी, का0 जगदीश और का0 अजहर।




