उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: राहुल गांधी के आरोपों पर CM धामी का पलटवार, बोले- कांग्रेस मुद्दाविहीन, शुद्धिकरण मामले में कर रही तुष्टिकरण की राजनीति
हल्द्वानी: राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर जोरदार पलटवार किया है। हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब मुद्दाविहीन हो गई है, इसलिए शुद्धिकरण के मामले को लेकर तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली के दौरान धर्म विरोधी नारे लगाए गए थे और कार्यक्रम के बाद वहां काफी गंदगी भी हुई थी। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान धार्मिक मंच था, इसलिए कुछ स्वयंसेवी संस्थाओं ने वहां शुद्धिकरण किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शुद्धिकरण करने वाली संस्था का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है।
राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान का आरोप लगाते हुए एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में तो किसी को यह भी पता नहीं था कि खड़गे किस जाति के हैं। ऐसे में जाति के आधार पर किसी के अपमान का सवाल ही नहीं उठता।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सबको आत्मसात करने वाला राज्य है और यहां जाति या पार्टी के आधार पर भेदभाव की राजनीति को स्थान नहीं दिया जाता। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे अब कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं मिल रहा है, इसलिए शुद्धिकरण के मामले को तूल देकर जबरन तुष्टिकरण की राजनीति की जा रही है।




