उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: नैनीताल से काठगोदाम शिफ्ट होगा जिला पंचायत कार्यालय, जाम से परेशान होकर सदन ने लगाई मुहर
हल्द्वानी: नैनीताल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से परेशान जिला पंचायत ने अपना कार्यालय नैनीताल से हल्द्वानी-काठगोदाम शिफ्ट करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। जिला पंचायत की अहम बैठक में इस प्रस्ताव पर सदन ने सहमति जता दी है।दरअसल, पर्यटन नगरी नैनीताल लंबे समय से ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या से जूझ रही है। जिले के प्रमुख सरकारी कार्यालय जैसे कलेक्ट्रेट, कमिश्नर कार्यालय, हाईकोर्ट सहित कई महत्वपूर्ण दफ्तर नैनीताल में स्थित हैं। पर्यटकों की भारी भीड़ के साथ-साथ वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट के कारण शहर में अक्सर लंबा जाम लग जाता है। जिला पंचायत अध्यक्ष, अपर मुख्य अधिकारी और अन्य कर्मचारियों को भी रोजाना जाम के कारण समय पर कार्यालय पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए जिला पंचायत की बैठक में कार्यालय को हल्द्वानी-काठगोदाम स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। बताया गया कि काठगोदाम में जिला पंचायत की अपनी भूमि उपलब्ध है। अब जिला पंचायत नए कार्यालय के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर शासन को भेजेगी। शासन से मंजूरी मिलने के बाद कार्यालय को नैनीताल से हल्द्वानी-काठगोदाम शिफ्ट करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।




