उत्तराखण्ड
लालकुआं: SDM रेखा कोहली के नेतृत्व में आपदा मॉक ड्रिल, गौला नदी से 28 लोगों का सफल रेस्क्यू
लालकुआं: मॉनसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को तहसील लालकुआं क्षेत्र में गौला नदी के श्रीलंका टापू, खुरियाखत्ता में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। एसडीएम रेखा कोहली के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल की शुरुआत संजयनगर बिंदुखत्ता स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में बनाए गए स्टेजिंग एरिया से हुई, जहां एसडीएम रेखा कोहली ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफिंग दी। इसके बाद सुबह 9:18 बजे गौला नदी में जलभराव की सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
रेस्क्यू अभियान के दौरान गौला नदी क्षेत्र से कुल 28 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि चार घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से स्टेजिंग एरिया लाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। इनमें से गंभीर रूप से घायल एक महिला को बेहतर उपचार के लिए पीएचसी लालकुआं रेफर किया गया।
मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, आईटीबीपी, स्थानीय पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों ने समन्वित तरीके से अभियान चलाया। बचाव दल ने बाढ़ में फंसे 10 से 12 लोगों, बच्चों और छह मवेशियों का भी सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
एसडीएम रेखा कोहली ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और उपलब्ध संसाधनों की तैयारियों का आकलन करना था, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी देरी के प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें।




