उत्तराखण्ड
देहरादून : पीएम नरेंद्र मोदी ने 210 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का किया लोकार्पण…
देहरादून: विकसित भारत के लिए प्रगति, प्रकृति और संस्कृति की त्रिवेणी जरूरी: नरेंद्र मोदी
देहरादून: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को देहरादून में आयोजित भव्य समारोह में 210 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण किया। गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने रिमोट बटन दबाकर इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने 12 किलोमीटर लंबे रोड शो में हिस्सा लिया और डाटकाली मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों को बैसाखी और बिहू की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जल्द ही उत्तराखंड के पवित्र चारधाम यात्रा की शुरुआत होने जा रही है, जिसका देशभर के श्रद्धालु इंतजार करते हैं। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर बनने से चारधाम यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तराखंड अपने स्थापना के 26वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और राज्य तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार की नीतियों और राज्य के लोगों के परिश्रम से उत्तराखंड आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। इस दौरान उन्होंने भीमराव अंबेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी सरकार के निर्णय संविधान की भावना को मजबूत करने वाले रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में समान विकास, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगीकरण सामाजिक न्याय को सुनिश्चित करने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता लागू कर देश को नई दिशा दिखाई है। पीएम मोदी ने जोर देते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रगति, प्रकृति और संस्कृति की त्रिवेणी का संतुलन बेहद आवश्यक है।





