उत्तराखण्ड
देहरादून: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति पर लगाए धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप, कैंट थाने में की शिकायत
देहरादून: राजधानी देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मंत्री ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने की गुहार लगाई है।
शिकायतकर्ता रेखा आर्य ने बताया कि उनका विवाह 6 जुलाई 2004 को उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। महिला का आरोप है कि विवाह के समय उनके पति ने खुद को अविवाहित बताया, जबकि कुछ वर्षों बाद उन्हें पता चला कि वह पहले से विवाहित हैं और उनके पूर्व विवाह से बच्चे भी हैं।
महिला के अनुसार, बच्चों के भविष्य और परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए वह लंबे समय तक चुप रहीं। आरोप है कि बाद में उनके पति का व्यवहार बदल गया और अन्य महिलाओं के साथ भी अवैध संबंध होने की जानकारी मिली। इस संबंध में आपत्ति जताने पर पति ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित और मौखिक माफीनामा दिया, लेकिन इसके बाद भी कथित तौर पर उनका व्यवहार नहीं बदला।
शिकायत में मंत्री ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने कूटरचित हस्ताक्षरों और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संबंधित कंपनियों में उन्हें निदेशक पद से हटवा दिया, जबकि उन्होंने न तो कोई त्यागपत्र दिया और न ही इस संबंध में कोई दस्तावेज निष्पादित किया।
मंत्री ने पुलिस को यह भी बताया कि हाल ही में उन्हें एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है, जिसमें कथित तौर पर उनके पति एक महिला से बातचीत करते हुए उन्हें जान से मारने की योजना बना रहे हैं। शिकायतकर्ता ने अपने और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
मंत्री ने कैंट थाना प्रभारी से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने और आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की कार्रवाई के संबंध में जानकारी उपलब्ध नहीं है।



