उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: बनभूलपुरा में पकड़ी गई बड़ी बिजली चोरी, विद्युत विभाग ने की छापेमारी, 108 मामलों में कार्रवाई (वीडियो)
हल्द्वानी: बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार सुबह पांच बजे से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत चिह्नित इलाकों में सात टीमों ने एक साथ निरीक्षण किया। विभाग के अनुसार, जांच के दौरान कथित तौर पर कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल करने और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए। अभियान के तहत करीब 108 मामलों में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित मीटरों को सीज किया गया है और मामलों में बनभूलपुरा कोतवाली में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि विद्युत विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों का अध्ययन कर रहा था। जांच के दौरान बनभूलपुरा क्षेत्र के कुछ फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पाया गया। इसके बाद बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक चेकिंग अभियान की योजना बनाई गई। अभियान में अधिशासी अभियंता, एसडीओ, एई और जेई के साथ विभागीय विजिलेंस तथा पुलिस की टीमें शामिल रहीं। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
विद्युत विभाग ने बिजली चोरी रोकने के लिए क्षेत्र में कई बदलाव करने की तैयारी की है। इसके तहत घरों के अंदर लगे बिजली मीटरों को बाहर शिफ्ट किया जाएगा और सामान्य केबल की जगह आर्मर्ड केबल लगाने की योजना है। इसके अलावा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा। विभाग का कहना है कि इन कदमों से बिजली चोरी पर नियंत्रण रखने और लाइन लॉस कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी रोकना और नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली कनेक्शन दिलाने या बिल जमा कराने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे मांगता है, तो इसकी शिकायत पुलिस से करें। निरीक्षण के दौरान विभागीय कर्मचारियों से जुड़ी कुछ शिकायतें भी सामने आई हैं। इन मामलों की जांच के बाद आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी रवि कुमार राजोरा, अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार, बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल, विभागीय विजिलेंस टीम और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



