उत्तराखण्ड
भवाली: CPU दरोगा ईश्वर राणा और कॉस्टेबल रोहित सिंह ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, कैंची धाम में बुजुर्ग महिला को लौटाया जेवर से भरा पर्स और ₹30 हजार नकद
भवाली: बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए इन दिनों कैंची धाम में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी बीच ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की एक मिसाल सामने आई। नोएडा निवासी एक बुजुर्ग महिला का पर्स कैंची धाम परिसर में कहीं गिर गया, जिसमें ₹30,000 नकद, सोने की कान की बालियां और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। पर्स खोने के बाद महिला काफी परेशान होकर उसकी तलाश कर रही थीं। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सीपीयू के दरोगा ईश्वर राणा और कांस्टेबल रोहित सिंह को सड़क किनारे एक लावारिस पर्स मिला। पर्स की जांच करने पर उसमें महिला का मोबाइल नंबर मिला, जिसके आधार पर पुलिसकर्मियों ने तत्काल उनसे संपर्क किया और उन्हें बुलाकर ₹30 हजार की नकदी, सोने के जेवर और सभी दस्तावेज सुरक्षित वापस सौंप दिए। अपना सामान सकुशल वापस मिलने पर बुजुर्ग महिला ने सीपीयू टीम और नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी ईमानदारी और तत्परता की सराहना की। गौरतलब है कि कैंची धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सीपीयू पुलिस श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।





