उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: बकरीद से पहले पुलिस, प्रशासन और नगर निगम ने किया निरीक्षण, संवेदनशील इलाकों का लिया जायजा
हल्द्वानी में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। त्योहार को लेकर प्रशासनिक तैयारियों का लगातार जायजा लिया जा रहा है।इसी क्रम में आज सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई, नगर आयुक्त परितोष वर्मा और एसपी सिटी मनोज कत्याल ने संयुक्त रूप से बनभूलपुरा क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल, बिजली, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने निर्देश दिए कि ईद की नमाज केवल निर्धारित स्थलों और ईदगाहों में ही अदा की जाए तथा सार्वजनिक सड़कों और मुख्य मार्गों पर नमाज न हो, जिससे आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।नगर निगम और संबंधित विभागों को त्योहार से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाने की बात कही है।प्रशासन द्वारा पूर्व में अमन कमेटी की बैठक आयोजित कर धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों के साथ संवाद भी किया जा चुका है। बैठक में आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की गई।प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की गई है।नमाज अदा करने वालों की अधिक संख्या को देखते हुए हल्द्वानी ईदगाह में ईद की नमाज सुबह 8 बजे अदा होगी, जबकि जामा मस्जिद में नमाज सुबह 8:30 बजे अदा की जाएगी।





