उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : छडायल नयाबाद में बालाजी वाशिंग सेंटर में अवैध तरीके से हो रहा था जल का दोहन, प्रशासन के निर्देश पर जल संस्थान ने काटा पानी का कनेक्शन…
जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा जनपद में भीषण गर्मी एवं पेयजल संकट की संभावित स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए दिनांक 21 मई, 2026 को जारी आदेश के क्रम में पेयजल संरक्षण एवं अवैध रूप से जल दोहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के क्रम में लगातार निगरानी रखी जा रही है, इसी क्रम में छडायल नयाबाद में स्तिथ बालाजी वाशिंग सेंटर द्वारा आदेश का उल्लंघन करते हुए पेयजल का उपयोग करते हुए कार वाश करते हुए पकड़े जाने पर जल संस्थान के द्वारा संबंधित सेन्टर का कनेक्शन काट दिया गया ।
साथ ही भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से विरत रहने हेतु कड़ी चेतावनी भी दी गई तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की चेतावनी दी गयी।
नगर मजिस्ट्रेट/संयुक्त सचिव ने स्पष्ट किया कि जनपद में पेयजल के दुरुपयोग से निपटने एवं आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। पेयजल का अनावश्यक दुरुपयोग तथा निर्माण कार्यों में पेयजल का कार वाशिंग आदि के लिए अवैध उपयोग किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।





