उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: महिला से अभद्रता और सोशल मीडिया पर धमकी देने वाला आरोपी सलीक अली गिरफ्तार(वीडियो)
हल्द्वानी: टीपी नगर क्षेत्र की नीलांचल कॉलोनी (फेज-6, डहरिया) में एक महिला से गाली-गलौज, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे एक डिलीवरी बॉय पीड़िता के घर का पता पूछने पहुंचा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सलीक अली पुत्र आफताब हुसैन ने बिना किसी कारण महिला के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अशोभनीय इशारे किए। विरोध करने पर आरोपी लकड़ी लेकर महिला को मारने दौड़ा तथा जान से मारने और उसकी इज्जत को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी पहले भी कई बार उसके और उसकी बेटी के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ जैसी हरकतें कर चुका है। घटना के बाद आरोपी का एक धमकी भरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 238/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को धारा 172 BNSS के तहत गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में नैनीताल पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।




