उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : सीनियर एशियन जु-जित्सु चैंपियनशिप में वैभव सिंह पड़ियार ने जीता कांस्य पदक, बढ़ाया देश और उत्तराखंड का मान
हल्द्वानी। जु-जित्सु एशियन यूनियन एवं कजाखस्तान जु-जित्सु फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में 15 से 19 जुलाई 2026 तक अल्माटी (कजाखस्तान) में आयोजित सीनियर एशियन जु-जित्सु चैंपियनशिप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए हल्द्वानी के होनहार खिलाड़ी वैभव सिंह पड़ियार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर देश, उत्तराखंड और हल्द्वानी का गौरव बढ़ाया है।
जु-जित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ प्रशिक्षक विनय जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि हल्द्वानी स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे वैभव सिंह पड़ियार ने सीनियर पुरुष वर्ग की 62 किलोग्राम भार वर्ग की फाइटिंग स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कांस्य पदक अपने नाम किया।
उन्होंने बताया कि इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में एशिया के 24 देशों के चयनित खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। वैभव के मुकाबले कजाखस्तान, थाईलैंड और कंबोडिया के खिलाड़ियों से हुए, जिनमें उन्होंने शानदार कौशल और जुझारूपन का परिचय देते हुए पदक हासिल किया।
वैभव सिंह पड़ियार की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद एवं पूर्व रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, उत्तराखंड खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बुटोला, उपनिदेशक खेल एवं उत्तराखंड राज्य खेल विश्वविद्यालय की विशेष कार्याधिकारी रसिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. निर्मला पंत, निदेशक सतीश जोशी, वरुण बेलवाल, त्रिलोक जीना, श्याम भट्ट, गोविंद लटवाल, मनीष वर्मा, उमेश रावत, अंकुश रौतेला, संजय गेड़ा, अमन नवियाल सहित अनेक खेल अधिकारियों, प्रशिक्षकों, गणमान्य नागरिकों एवं खेल प्रेमियों ने हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।




