उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : जनता दरबार में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने भूमि विवाद, भूमि खरीद फरोख्त,बकाया धनराशि, राजस्व भूमि संबंधित प्रकरण सहित कई मामलों का किया निस्तारण…
कुमाऊं कमिश्नर एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, भूमि खरीद फरोख्त,बकाया धनराशि, राजस्व भूमि संबंधित प्रकरण, सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, वाहन दुर्घटनाओं को रोके जाने आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने, मार्ग पर अवैध अतिक्रमण हटाने सहित अन्य नागरिक समस्याओं से जुड़े मामलों की सुनवाई कर कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
*जनसुनवाई के दौरान रामनगर तहसील अंतर्गत भूमि संबंधी एक प्रकरण में आयुक्त के संज्ञान में आया कि ढिकुली में विगत 31 वर्षों से राजस्व विभाग द्वारा की जा रही बंदोबस्ती जो कि वर्तमान तक भी पूर्ण नहीं हुई है,इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्ति करते हुए अपर जिला अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी को तत्काल बंदोबस्ती कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए*
जनसुनवाई के दौरान गौजाजाली निवासी जरीन फातिमा द्वारा शिकायत दर्ज कराई कि सड़क में अतिक्रमण होने, अनियंत्रित रूप से खनन वाहन, बुग्गी खड़े रहने व सड़क में भवन निर्माण सामग्री डाले जाने के कारण सड़क में वाहन दुर्घटना होती रहती है। इसी वजह से विगत मांह एक 12 वर्ष की बच्ची की मृत्यु हो गई थी उन्होंने आयुक्त के सम्मुख तत्काल अतिक्रमण हटाने, अनियंत्रित वाहनों को हटाने आदि की मांग रखी।
उक्त प्रकरण पर अत्यधिक नाराजगी व्यक्त करते हुए कुमाऊं आयुक्त ने नगर मजिस्ट्रेट,पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं परिवहन विभाग को तुरंत कार्रवाई करते हुए सड़क से अतिक्रमण हटाने के साथ ही अनियंत्रित रूप से खड़े खनन वाहन, बुग्गी एवं भवन निर्माण सामग्री आदि को हटाते हुए प्रवर्तन की नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि सड़कों में अनियंत्रित रूप से खड़े वाहनों एवं भवन सामग्री डाले जाने के कारण वाहन दुर्घटनाएं होती हैं जिससे लोगों की जान भी चली जाती है उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इस हेतु सख्त कार्यवाही एवं अभियान चलाया जाए।
जनसुनवाई में ईशा डंगवाल द्वारा अवगत कराया कि उनके द्वारा विगत मांह मई में शोरूम से नई स्कूटी क्रय की गई थी उन्हें एक नंबर आवंटित परिवहन विभाग द्वारा जारी किया गया। परंतु उनकी स्कूटी के नंबर से दूसरी स्कूटी भी संचालित हो रही है जिसका चालान उनके मोबाइल पर आया है।इस सम्बन्ध में उन्होंने परिवहन विभाग से शिकायत भी की गई है। उक्त प्रकरण को गंभीरता पूर्वक लेते हुए कुमाऊं आयुक्त ने परिवहन, पुलिस विभाग एवं स्कूटी कंपनी के डीलर को मौके पर बुलाकर इस सम्बन्ध में जानकारी लेते हुए उन्हें तत्काल जांच करते हुए कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर प्रकरण है एक नंबर की दो स्कूटी अगर संचालित हो रही है तो उसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी होनी चाहिए और तत्काल कार्रवाई की जाए।
जनसुनवाई में हल्दूचौड़ निवासी भुवन चंद्र द्वारा ग्रामीण बैंक से लिए गए ऋण अदायगी के संबंध में अपनी समस्या रखी और सरफेसी की कार्यवाही रोके जाने की मांग की। उक्त प्रकरण पर सुनवाई करते हुए कुमाऊं आयुक्त ने उप जिलाधिकारी हल्द्वानी एवं ग्रामीण बैंक के अधिकारियों को जांच करते हुए समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अशोक सक्सेना एवं गोरी द्वारा गोलापार क्षेत्र में क्रय की गई भूमि में धोखाधड़ी का मामला रखा इस सम्बन्ध में अन्य पक्षों को भी बुलाया गया। इस पर उक्त भूमि वन विभाग की होने पर कुमाऊं आयुक्त ने वन विभाग को तत्काल उक्त भूमि को अपने कब्जे में लेते हुए कार्यवाही के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान भूमि संबंधित एक प्रकरण पर कार्यवाही करते हुए कुमाऊं आयुक्त ने भूमि स्वामी को तत्काल 50000 की धनराशि लौटाने के निर्देश बिचौलिए व्यक्ति को दिए।
जनसुनवाई में सविता बिंजोला निवासी खटीमा द्वारा विक्रय की गई भूमि की धनराशि क्रेता से लौटाने की मांग रखी। संबंधित प्रकरण पर कुमाऊं आयुक्त ने पुलिस क्षेत्राधिकारी खटीमा को एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान करते हुए कार्रवाही के निर्देश दिए।
शनिवार को कुमाऊं आयुक्त ने विभिन्न शिकायतों को सुनते हुए अनेक का मौके पर ही समाधान किया गया।
सुनवाई के दौरान अनेक भूमि विवादों का हुआ निस्तारण। आयुक्त ने जनसुनवाई में अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया।




