उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: SIR अभियान तेज, 8 जून से घर-घर जाकर फॉर्म भरवाएंगे BLO, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने दी जानकारी
हल्द्वानी: उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान SIR को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हल्द्वानी के सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि बीएलओ मतदाताओं से फॉर्म भरवाने के साथ ही संबंधित जानकारी को ऑनलाइन ऐप के माध्यम से अपलोड भी करेंगे। अभियान के तहत 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों के साथ लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। इस दौरान बीएलओ और संबंधित कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि बीएलओ के घर पहुंचने पर सही और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।





