उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: Instagram पर खुद को ‘पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर’ बताने वाला युवक रोहित गिरफ्तार, फर्जी Army ID और AI मॉर्फ्ड फोटो बरामद
हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस की SOG टीम ने भारतीय सेना के अधिकारी का फर्जी प्रतिरूपण करने वाले एक युवक का पर्दाफाश किया है। आरोपी Instagram पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर सेना की वर्दी में फोटो और फर्जी Army Identity Card प्रदर्शित कर रहा था। मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारी-कर्मचारियों ने SOG कार्यालय हल्द्वानी में सूचना दी कि रोहित सिंह मेहता नाम का व्यक्ति Instagram पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बता रहा है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर सेना की वर्दी में कई तस्वीरें और फर्जी पहचान पत्र प्रदर्शित किए जा रहे थे। जांच में भारतीय सेना में उसके नाम का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने SOG प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कराई। संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम बिरला ओपस पेंट के गोदाम तक पहुंची, जहां रोहित सिंह मेहता के कार्यरत होने की जानकारी मिली।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें हासिल कीं और Artificial Intelligence तथा Google Gemini की मदद से मॉर्फ्ड तस्वीरें तैयार कराईं। इसके बाद इन तस्वीरों को Instagram पर अपलोड कर खुद को पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में सोशल मीडिया पर फॉलोइंग बढ़ाने और युवतियों को प्रभावित करने के उद्देश्य से ऐसा करने की बात स्वीकार की है।
SOG टीम ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी वाली तस्वीरें और वीडियो तथा फर्जी प्रतीत होने वाला Army Identity Card मिला। पुलिस ने उसके कब्जे से दो स्मार्ट मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य डिजिटल सामग्री भी बरामद की है।
भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण कर फर्जी पहचान प्रदर्शित करने और धोखाधड़ी के मामले में कोतवाली हल्द्वानी में धारा 168, 318(3) और 319(2) BNS के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही धारा 35(3) BNSS के तहत भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिरासत में लिया गया युवक:
रोहित सिंह मेहता पुत्र खुशाल सिंह मेहता, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम कानीकोट, तहसील पाटी, जनपद चम्पावत, हाल निवासी गोरापड़ाव, हल्द्वानी।
पुलिस टीम में SOG प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन, हेड कांस्टेबल कुंदन कठैत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल अशोक सिंह रावत और कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह ज्येष्ठा शामिल रहे।




