उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: रैपिडो चालक के साथ मारपीट, मोबाइल और 2 हजार रुपये लूटने का आरोप, CCTV में कैद हुई घटना
हल्द्वानी: रैपिडो चालक के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली क्षेत्र के कालाढूंगी रोड के पास देर रात की बताई जा रही है। पीड़ित रैपिडो चालक हरीश चंद्र सिंह, निवासी शिवालिक विहार काठगोदाम, अपनी राइड लेकर ऊंचापुल की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उसकी रैपिडो स्कूटी को रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने चालक का मोबाइल फोन और करीब दो हजार रुपये की नकदी भी ले ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़ित चालक ने हीरा नगर चौकी पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।




