उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: ADM विवेक राय ने गणना प्रपत्र वितरण कार्य का किया निरीक्षण, अनुपस्थित कार्मिकों पर जताई नाराजगी (वीडियो)
हल्द्वानी: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत जनपद नैनीताल में गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण कार्य का निरीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने गुरुवार सुबह हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के लालडांट, कुसुमखेड़ा तथा नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के बेलुवाखान क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ गणना प्रपत्र वितरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान मतदाताओं से संवाद कर उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई तथा गणना प्रपत्रों को निर्धारित समयावधि में भरकर जमा कराने के लिए जागरूक किया गया।
एडीएम विवेक राय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसकी नियमित समीक्षा की जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान बूथ संख्या-133, राजकीय प्राथमिक विद्यालय छीना गांजा, बेलुवाखान में प्रपत्र वितरण कार्य का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार भोपाल सिंह मटियाली, मनोज कुमार भट्ट, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अभिनव कुमार, सुपरवाइजर मनोज कपिल, कोऑर्डिनेटर राजीव लॉरेंस, राजस्व उपनिरीक्षक राकेश कठायत, बीएलओ सुपरवाइजर चम्पत राम कश्यप, बीसीएओ जितेन्द्र पाठक एवं आशा कार्यकर्ता रुखसाना सहित अन्य निर्वाचन कार्मिक उपस्थित रहे।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि बीएलओ के सहयोगार्थ नियुक्त कुछ कार्मिक मौके पर उपस्थित नहीं थे। इस पर एडीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं निर्वाचन अधिकारियों (ERO) को निर्देश दिए कि सहयोगी कार्मिकों की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। साथ ही ERO एवं AERO को क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए मतदाताओं को SIR/ESR प्रक्रिया की जानकारी देने तथा गणना प्रपत्र वितरण कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।





