उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: Orange Alert के चलते 2 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, DM ने किए आदेश
नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से जारी Orange Alert को देखते हुए जिला प्रशासन ने 2 सितंबर 2026 (बुधवार) को नैनीताल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के 1 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 2 सितंबर को नैनीताल जिले में Orange Alert जारी किया गया है। जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
प्रशासन के अनुसार वर्तमान में जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो रही है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
शिक्षकों और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश
आदेश के तहत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




