उत्तराखण्ड
देहरादून: दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा ने CM धामी से की मुलाकात, हल्द्वानी-देहरादून हेली सेवा और दमुवाढूंगा के भूमि अधिकार का मुद्दा उठाया
देहरादून: दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट कर कुमाऊँ और हल्द्वानी क्षेत्र से जुड़े दो महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए हल्द्वानी-देहरादून के बीच नियमित हेली सेवा शुरू करने तथा दमुवाढूंगा (जवाहर ज्योति) क्षेत्र के हजारों परिवारों को भूमि अधिकार दिलाने की मांग की।कोरंगा ने कहा कि हल्द्वानी-देहरादून हेली सेवा शुरू होने से कुमाऊँ मंडल के मरीजों, वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और शासकीय कार्यों से यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही यह सेवा पर्यटन, व्यापार और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति प्रदान करेगी।उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष दमुवाढूंगा के वार्ड संख्या 35, 36, 37 और 38 के वर्षों से भूमि अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे हजारों परिवारों का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने डीजीपीएस सर्वे, सीमांकन और अन्य लंबित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर पात्र परिवारों को शीघ्र भूमि अधिकार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा ने मुख्यमंत्री धामी से दोनों जनहित के विषयों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में इन मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई होगी, जिससे कुमाऊँ क्षेत्र के हजारों नागरिकों को लाभ मिलेगा।




