Connect with us

उत्तराखण्ड

हल्द्वानी: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने 17 दिनों में जारी किया परीक्षा परिणाम, प्रवेश बढ़कर 48,444 पहुंचे, कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रेसवार्ता में गिनाईं उपलब्धियां

हल्द्वानी: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाओं के बाद महज 17 दिनों में परीक्षा परिणाम जारी कर नई उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय में प्रवेश की संख्या भी बढ़कर 48,444 पहुंच गई है। शनिवार को कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में आयोजित प्रेसवार्ता में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, परीक्षा परिणाम, प्रवेश विस्तार, पर्यावरण संरक्षण की पहल और आगामी आयोजनों की जानकारी साझा की गई।

कुलपति ने बताया कि जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाएं 20 जुलाई से 27 अगस्त तक आयोजित की गईं, जबकि केंद्रीय मूल्यांकन की प्रक्रिया 13 सितंबर तक चली। इसके बाद विश्वविद्यालय ने मात्र 17 दिनों में परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। इस सत्र में कुल 80 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की गईं। मूल्यांकन कार्य में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के लगभग 300 शिक्षकों एवं प्राध्यापकों ने योगदान दिया।

विश्वविद्यालय के प्रवेश आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2025 सत्र में कुल 46,558 प्रवेश हुए थे, जबकि जुलाई 2026 सत्र में यह संख्या बढ़कर 48,444 हो गई। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में 1,886 प्रवेश यानी लगभग 4.05 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। नए प्रवेश भी 19,277 से बढ़कर 19,757 हो गए हैं।

विश्वविद्यालय ने अपनी शैक्षणिक पहुंच का विस्तार करते हुए नेपाल के शिक्षार्थियों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है। इससे मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से सीमाओं से परे उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में ईज़ी चार्ज के सहयोग से ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। इसके साथ ही हरेला पर्व के अवसर पर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्युत वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देना है।

हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र (16000) के शिक्षार्थियों के लिए 18 अक्टूबर को दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, पाठ्यक्रम, अध्ययन सामग्री, असाइनमेंट, परीक्षा प्रक्रिया और शैक्षणिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। विश्वविद्यालय की योजना इस कार्यक्रम को अन्य अध्ययन केंद्रों में भी आयोजित करने की है।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का 21वां स्थापना दिवस 31 अक्टूबर 2026 को मनाया जाना प्रस्तावित है। वहीं, आगामी दीक्षांत समारोह 18 नवंबर को आयोजित होगा। दोनों आयोजनों को लेकर विश्वविद्यालय में तैयारियां की जा रही हैं। दीक्षांत समारोह में सफल शिक्षार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

प्रेसवार्ता में विश्वविद्यालय की परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली को समयबद्ध बनाने, प्रवेश बढ़ाने, शैक्षणिक पहुंच का विस्तार करने, शिक्षार्थियों को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने और पर्यावरण-अनुकूल पहलों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

इस दौरान कुलसचिव खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक सूर्यप्रताप सिंह, सीका निदेशक प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डेय, क्षेत्रीय सेवाएं निदेशक प्रो. एम.एम. जोशी, प्रभारी परीक्षा नियंत्रक प्रो. आशुतोष भट्ट और प्रभारी प्रवेश डॉ. सुमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

More in उत्तराखण्ड

ADVERTISEMENTS

Trending News

Follow Facebook Page

संपादक –

नाम: हर्षपाल सिंह
पता: छड़ायल नयाबाद, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी (नैनीताल)
दूरभाष: +91 96904 73030
ईमेल: [email protected]