उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: LPG गैस की कालाबाजारी पर सख्ती, DM के निर्देश पर आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर QRT सक्रिय
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत होम/स्पॉट डिलीवरी सुनिश्चित कराने के लिए जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में क्षेत्रवार उपजिलाधिकारियों, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों एवं पूर्ति निरीक्षकों की त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) का गठन किया गया है, जो लगातार गैस एजेंसियों पर नजर बनाए हुए हैं। QRT टीम द्वारा गैस एजेंसियों का निरीक्षण करते हुए मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1077, लैंडलाइन नंबर 05942-231179, 05942-231178 तथा व्हाट्सएप नंबर 8272080884 पर गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं। गुरुवार को कुल 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित एजेंसियों को समाधान के निर्देश दिए गए।
प्रशासन के अनुसार 1 अप्रैल 2026 को जिले में 6662 घरेलू और 1326 व्यावसायिक गैस सिलेंडर प्राप्त हुए। इनमें से 6365 घरेलू और 841 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की गई। वर्तमान में 7041 घरेलू और 2462 व्यावसायिक सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित QRT अब तक 71 गैस एजेंसियों, 90 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और 85 गैस डिलीवरी वाहनों का औचक निरीक्षण कर चुकी है। वहीं, गुरुवार को 11 गैस एजेंसियों, 12 प्रतिष्ठानों और 12 डिलीवरी वाहनों की जांच की गई। पिछले 24 घंटों में इंडेन गैस से संबंधित 44 उपभोक्ताओं ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई कि बुकिंग और भुगतान के बावजूद गैस की आपूर्ति नहीं हुई। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी, इंडेन सेल्स अधिकारी और गैस एजेंसी प्रबंधकों का संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर समस्याओं के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा कुमाऊं मंडल विकास निगम के सहयोग से हल्द्वानी के सरस मार्केट में एक नियंत्रण व्यवस्था बनाई गई है, जहां से उपभोक्ताओं के नाम की पर्ची के आधार पर गैस वितरण किया जा रहा है। इससे पहले बुकिंग और भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इंडेन गैस सर्विस द्वारा 3 अप्रैल 2026 से “फर्स्ट इन-फर्स्ट आउट” नीति लागू करने की तैयारी की जा रही है, जिसके तहत बुकिंग की तिथि के आधार पर चरणबद्ध वितरण किया जाएगा।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गैस की कालाबाजारी, डायवर्जन या रिफिलिंग संबंधी किसी भी शिकायत को तुरंत साझा करें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।





