उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: ऑपरेशन हॉटस्पॉट में अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट का SSP मंजूनाथ टीसी ने किया खुलासा, मुख्य सरगना समेत 8 गिरफ्तार
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मुखानी थाना क्षेत्र में संचालित एक कथित अंतरराष्ट्रीय साइबर क्राइम रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एसओजी, साइबर सेल और मुखानी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो विधि-विवादित किशोरों को भी संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 5/6 सितंबर की रात लक्ष्मण विहार कॉलोनी स्थित एक मकान में सटीक सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। यहां कथित तौर पर अवैध साइबर वित्तीय नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल यादव निवासी इंदौर, मध्य प्रदेश को गिरोह का मुख्य संचालक बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरोह क्रिप्टोकरेंसी USDT की खरीद-फरोख्त और म्यूल बैंक खातों के जरिए संदिग्ध धनराशि के लेनदेन में शामिल था। आरोप है कि स्थानीय युवाओं को कमीशन का लालच देकर लोगों के बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक और सिम हासिल किए जाते थे। इन खातों से एटीएम के जरिए नकदी निकाली जाती थी और अधिक रकम होने पर सीडीएम के माध्यम से दूसरे बैंक खातों में जमा या ट्रांसफर की जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बिना वैध दस्तावेज और स्रोत सत्यापन के टेलीग्राम के जरिए प्राप्त एक अनधिकृत ऐप का इस्तेमाल कर USDT के लेनदेन में शामिल थे। पुलिस के अनुसार, प्रतिदिन लाखों रुपये के लेनदेन किए जाने की जानकारी सामने आई है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 18 हजार 800 रुपये नकद, एक डेल लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड, 11 स्मार्टफोन, 24 विभिन्न बैंकों के सक्रिय एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 सिम कार्ड, छह चेकबुक, चार पासबुक और 16 बैंक जमा/सीडीएम पर्चियां बरामद की हैं।
मामले में मुखानी कोतवाली में धारा 66(C), 66(D) आईटी एक्ट तथा धारा 3(5), 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दो अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस टीम की सफलता पर उत्साहवर्धन के लिए 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कमीशन या पैसों के लालच में किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक या सिम न दें। साइबर ठगी या संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।




