उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: सीवरेज कार्य के बाद सड़कें नहीं हुई ठीक, तिलक नगर फेज-2 में लोगों को हो रही भारी परेशानी, उठाई यह मांग
हल्द्वानी में इन दिनों यूयूएसडीए द्वारा कई जगहों पर सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य कराया जा रहा है। इस काम के चलते कई सड़कों और गलियों को खोदा गया है, लेकिन कई स्थानों पर कार्य समय पर पूरा नहीं होने से स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसा ही मामला तिलक नगर फेज-2 स्थित मैट्रिक्स हॉस्पिटल के पास का सामने आया है। यहां सीवरेज लाइन डालने के लिए गलियों की सड़कों को खोदा गया था, लेकिन अभी तक उन्हें ठीक नहीं किया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़कें खुदी होने के कारण गड्ढे बन गए हैं और धूल-मिट्टी भी उड़ रही है, जिससे क्षेत्र में चलना मुश्किल हो गया है। इन दिनों बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही हैं, ऐसे में छात्रों और अभिभावकों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भी काफी परेशानी हो रही है।
लोगों का आरोप है कि संबंधित कंपनी ने सीवरेज के लिए सड़कें तो खोद दीं, लेकिन उन्हें ठीक कराने की दिशा में कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, और ठेकेदार के लोगों द्वारा बतमीजी भी की जा रही है इसको लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।





