उत्तराखण्ड
देहरादून: मसूरी रोड पर बेकाबू ‘रोड रेज’, गोलीबारी में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत, इलाके में दहशत का माहौल(वीडियो)
देहरादून: राजधानी के पॉश राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह ‘रोड रेज’ की एक ऐसी वीभत्स घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। मालसी के पास हुई मामूली कहासुनी में चली गोलियों ने एक बेगुनाह रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर की जान ले ली। इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और सड़क पर पनप रही गुंडागर्दी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे मसूरी रोड पर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो-एन के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करना शुरू कर दिया। हमलावरों ने फॉर्च्यूनर को रोकने के लिए अंधाधुंध फायरिंग की, जिसका निशाना गाड़ी के टायर थे। दुर्भाग्यवश, इसी दौरान सड़क के किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी वहां से गुजर रहे थे। फायरिंग की एक गोली सीधे उन्हें जा लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुँचते-पहुँचते उन्होंने दम तोड़ दिया। गोलीबारी के बाद फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव के पास एक पेड़ से टकरा गई। स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने कार में मौजूद लोगों से मारपीट की और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल समेत जिले के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश की जा रही है। शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच, इस तरह दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात ने आम लोगों में खौफ पैदा कर दिया ।





