उत्तराखण्ड
रामनगर: दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत चार गिरफ्तार
रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, जेठ और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चारों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास करने का भी आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र के बुढनपुर निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर 2026 को रामनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी निवासी उवेश के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था।
शिकायत के अनुसार, 16 अक्टूबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी। मामले में रामनगर कोतवाली में एफआईआर संख्या 339/2026 के तहत बीएनएस की धारा 80(2) में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रामनगर कर रहे हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार, कोहिनूर और उसके पति के बीच दहेज की रकम और पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर कोहिनूर के साथ मारपीट कर उसका मुंह कपड़े से बंद किया गया और गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस का आरोप है कि घटना के बाद हत्या को आत्महत्या दिखाने के उद्देश्य से मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। अन्य व्यक्तियों की भूमिका को लेकर भी विवेचना जारी है।
रामनगर पुलिस ने मामले में मृतका के पति उवेश (22), सास नसरीन (50), जेठ अनस (23) और ननद शबा (20), सभी निवासी खताड़ी क्षेत्र, रामनगर को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, देवेंद्र सिंह राजपूत, सोमेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भंडारी और महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे।
एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। मामले में आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



