उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: रोडवेज हिल टर्मिनल की धीमी रफ्तार पर एमडी ने जताई कड़ी नाराजगी, ISBT निर्माण पर कही यह बात
हल्द्वानी: उत्तराखंड परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी ने काठगोदाम में निर्माणाधीन रोडवेज बस टर्मिनल और वर्कशॉप का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान परियोजना की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बताया गया कि बस टर्मिनल का निर्माण कार्य मार्च 2026 तक पूरा होना था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बावजूद परियोजना पूरी नहीं हो सकी। इसे गंभीरता से लेते हुए एमडी ने संबंधित अधिकारियों को अगले एक माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया है।
निर्माणाधीन आधुनिक बस टर्मिनल में अत्याधुनिक वर्कशॉप, रीजनल ऑफिस और बस संचालन से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही परिसर में 200 वाहनों की पार्किंग और 75 रोडवेज बसों के खड़े होने की व्यवस्था भी की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि टर्मिनल के शुरू होने से काठगोदाम और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इस दौरान एमडी रीना जोशी ने हल्द्वानी में प्रस्तावित आईएसबीटी निर्माण को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईएसबीटी के लिए शहर में तीन से चार स्थानों पर भूमि का निरीक्षण किया गया है। इसके लिए एक समिति का गठन किया गया है, जो सभी प्रस्तावित स्थलों का परीक्षण कर रही है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर उपयुक्त स्थान का चयन कर वहां आईएसबीटी का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परिवहन सुविधाओं को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में निगम लगातार कार्य कर रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।





