उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को होगा ‘अस्मिता खेलो इंडिया’ कार्यक्रम
हल्द्वानी: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, नैनीताल (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा खेलो इंडिया के समन्वय से 08 मार्च 2026 को प्रातः 09:00 बजे से स्पोर्ट्स स्टेडियम हल्द्वानी में ‘अस्मिता खेलो इंडिया’ के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा यह कार्यक्रम कराया जा रहा है। उपनिदेशक मेरा युवा भारत नैनीताल डॉल्वी तेवतिया एवं खेलो इंडिया वॉलीबॉल कोच तनुजा आर्या ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। ये प्रतियोगिताएँ तीन आयु वर्गों में अंडर 13 वर्ष, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक में कराई जाएँगी, जिससे विभिन्न आयु वर्ग की प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं के लिए फन जुम्बा सत्र का भी आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना है।
मेरा युवा भारत, नैनीताल की ओर से क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया है, ताकि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खेल और फिटनेस के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा सके।





