उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: कूटरचित OBC प्रमाण पत्र से चुनाव लड़ने का आरोप, ग्राम प्रधान पर कार्रवाई के निर्देश, कुमाऊं कमिश्नर के पास पहुंची थी शिकायत
हल्द्वानी। इबराम अली पुत्र मो. हनीफ, निवासी सरोवरनगर पोस्ट कैलासखेडा, तहसील गदरपुर, जिला ऊधमसिंहनगर ने कुमाऊं आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मो. दानिश पुत्र जमील अहमद (निवासी सरोवरनगर पोस्ट केलाखेड़ा, तहसील गदरपुर) ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर ओबीसी जाति प्रमाण पत्र प्राप्त किया और निर्वाचन वर्ष 2025 में ग्राम प्रधान पद का चुनाव लड़ा, जिसमें वे विजयी भी रहे।शिकायतकर्ता के अनुसार मो. दानिश सामान्य वर्ग से हैं तथा उनका ओबीसी प्रमाण पत्र नामांकन से पूर्व ही निरस्त किया जा चुका था। इसके बावजूद उक्त प्रमाण पत्र के आधार पर उन्होंने चुनाव लड़ा। यह तथ्य तत्कालीन रिटर्निंग ऑफिसर के संज्ञान में भी लाया गया, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई। वर्तमान में मो. दानिश ग्राम प्रधान पद पर बने हुए हैं और उन्होंने निरस्त प्रमाण पत्र को बहाल कराने के लिए कोई विधिक प्रक्रिया भी नहीं अपनाई है।दिनांक 20.12.2025 को प्रस्तुत शिकायती प्रार्थनापत्र के संबंध में शिकायतकर्ता, विपक्षी, तहसीलदार गदरपुर एवं डीपीआरओ ऊधमसिंहनगर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के समक्ष उपस्थित हुए। सुनवाई के दौरान आयुक्त द्वारा शिकायतकर्ता को निर्देशित किया गया कि वह इस आशय का शपथपत्र प्रस्तुत करें कि मो. दानिश का ओबीसी प्रमाण पत्र निरस्त हो चुका है।आयुक्त कुमाऊं मंडल ने डीपीआरओ ऊधमसिंहनगर को निर्देश दिए हैं कि शपथपत्र प्राप्त होने के उपरांत मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।





