उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: शुद्धिकरण मामले में अधिवक्ता अंजू की तहरीर पर पहली FIR दर्ज, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
हल्द्वानी: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रामलीला मैदान में हुई रैली के बाद सामने आए कथित शुद्धिकरण मामले में पुलिस ने पहली FIR दर्ज कर ली है। अधिवक्ता अंजू की शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मामले में जातिगत भेदभाव, सामाजिक अपमान और अनुसूचित जाति के व्यक्ति के प्रति घृणा एवं हीनता का भाव रखने से जुड़े आरोपों के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने BNS की धारा 196 और 299 के साथ SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(R) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी के रामलीला मैदान में रैली के बाद कथित तौर पर शुद्धिकरण किए जाने का मामला सामने आया था। घटना के बाद कांग्रेस लगातार दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रही थी। इसे लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किए थे।
अब शिकायत के आधार पर FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र करेंगे। जांच के दौरान पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, लगाए गए आरोपों और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल करेगी।
FIR दर्ज होने के बाद हल्द्वानी का यह मामला एक बार फिर राजनीतिक रूप से गरमाने के आसार हैं। कांग्रेस लंबे समय से इस प्रकरण में कार्रवाई की मांग उठाती रही है।




