उत्तराखण्ड
नंदप्रयाग: BKTC में महिला कर्मचारी ने उपाध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
नंदप्रयाग/जोशीमठ। बदरी-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के नंदप्रयाग स्थित अतिथि गृह में सहायिका के पद पर तैनात एक महिला कर्मचारी ने समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती पर अभद्रता और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।महिला कर्मचारी के अनुसार, वह अपने स्थानांतरण (ट्रांसफर) और नियमितिकरण की मांग को लेकर जोशीमठ स्थित बीकेटीसी कार्यालय पहुंची थी। इसी दौरान उपाध्यक्ष से उनकी मुलाकात हुई, जहां कथित तौर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान उपाध्यक्ष ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और उन पर जबरन “स्टॉप पेपर” लिखवाने का दबाव बनाया। महिला ने इसे मानसिक उत्पीड़न करार देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।महिला कर्मचारी ने बीकेटीसी अतिथि गृह के कुछ प्रबंधकों पर भी महिला कर्मचारियों के साथ बदतमीजी करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण नहीं है, जिससे वे मानसिक तनाव में काम करने को मजबूर हैं।महिला ने यह भी आरोप लगाया कि समिति में नियुक्त कुछ कर्मचारियों की शैक्षिक योग्यता संदेह के घेरे में है और इसकी भी जांच होनी चाहिए।फिलहाल इस मामले में बदरी-केदारनाथ मंदिर समिति प्रशासन या उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामला सार्वजनिक होने के बाद समिति की कार्यप्रणाली और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।





