उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: हीट वेव का असर, स्कूलों का बदला समय, सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक चलेगी कक्षाएं, आदेश जारी
हल्द्वानी: बढ़ती गर्मी और हीट वेव अलर्ट को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। अब स्कूलों का संचालन सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक ही किया जाएगा। यह आदेश पर्वतीय क्षेत्रों को छोड़कर बाकी सभी इलाकों में लागू रहेगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। तेज गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, ताकि बच्चों को परेशानी का सामना न करना पड़े। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित करें।





