उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: भीमताल में बाहरी प्रत्याशी बर्दाश्त नहीं, कांग्रेस नेताओं ने दी पार्टी नेतृत्व को चेतावनी
हल्द्वानी: हल्द्वानी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भीमताल विधानसभा क्षेत्र के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी ही पार्टी को चेतावनी दे डाली। नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि इस बार पार्टी ने किसी बाहरी व्यक्ति को आयातित कर टिकट दिया तो इसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा।
प्रेस वार्ता में पूर्व राज्य मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश पनेरु, वरिष्ठ नेता केदार पलड़िया, राजेश बृजवासी और राकेश बृजवासी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भीमताल में बाहरी नेता को टिकट दिया था, जिसके कारण पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।
नेताओं का कहना था कि पार्टी नेतृत्व को समय रहते यह समझना चाहिए कि स्थानीय, मजबूत और ईमानदार कार्यकर्ता को ही टिकट दिया जाए ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भीमताल सीट पर बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सके।
इस दौरान वरिष्ठ नेता राकेश बृजवासी ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि पार्टी किसी भी समर्पित कार्यकर्ता को टिकट दे, वे चुनाव में एक करोड़ रुपये तक खर्च करने को तैयार हैं।
नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस बार भी किसी बाहरी आयातित प्रत्याशी को टिकट दिया गया तो कांग्रेस के मूल कार्यकर्ता इसका पुरजोर विरोध करेंगे।





