उत्तराखण्ड
रामनगर: कार्बेट में टाइगर का “ट्री एडवेंचर”, साल के ऊँचे पेड़ पर चढ़कर पर्यटकों को दिए रोमांचक पोज (वीडियो)
रामनगर: कार्बेट टाइगर रिजर्व की ढिकाला रेंज में सफारी पर निकले पर्यटकों को एक दुर्लभ और रोमांचक नजारा देखने को मिला। जंगल का राजा कहे जाने वाला बाघ इस बार जमीन पर नहीं, बल्कि साल के एक ऊँचे पेड़ पर नजर आया। शिकार की तलाश में पेड़ पर चढ़े बाघ ने कुछ देर तक वहीं बैठकर पर्यटकों को चौंकाया और कैमरों के सामने शानदार पोज देकर उनकी सफारी को यादगार बना दिया।
ढिकाला पर्यटन ज़ोन में सफारी कर रहे पर्यटकों की नजर जैसे ही पेड़ पर बैठे बाघ पर पड़ी, गाड़ियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। किसी ने कैमरा ऑन किया तो किसी ने मोबाइल निकाला और देखते ही देखते यह दुर्लभ दृश्य वीडियो में कैद हो गया। ऊँचाई पर बैठा बाघ नीचे झांकते हुए ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो वह अपने इलाके पर निगरानी रख रहा हो।
इस दृश्य को कैमरे में कैद करने वाले नेचर गाइड मोहम्मद नफीस ने बताया कि बाघों का पेड़ों पर चढ़ना बेहद दुर्लभ माना जाता है। आमतौर पर तेंदुए इस तरह के व्यवहार के लिए जाने जाते हैं, लेकिन बाघ का साल के पेड़ पर चढ़ना कार्बेट में बहुत कम देखने को मिलता है। उन्होंने बताया कि बाघ कुछ समय तक पेड़ पर रुका, आसपास का जायजा लिया और पर्यटकों को साफ दिखाई देता रहा। इसके बाद वह शांति से नीचे उतरा और घने जंगल की ओर ओझल हो गया।
कार्बेट टाइगर रिजर्व देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में बाघों की मजबूत मौजूदगी के लिए प्रसिद्ध है। यहां बाघों के अलावा हाथी, हिरण, घड़ियाल, मगरमच्छ, सैकड़ों प्रजातियों के पक्षी और विविध जलीय जीव पाए जाते हैं। बावजूद इसके, सफारी पर आने वाले हर पर्यटक की सबसे बड़ी ख्वाहिश बाघ की एक झलक पाना ही होती है।
टाइगर के इस “ट्री एडवेंचर” ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कार्बेट का जंगल हर दिन कोई नया रोमांच पेश करता है। प्रकृति के इस दुर्लभ और अप्रत्याशित नजारे ने न सिर्फ पर्यटकों को रोमांचित किया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी जंगल प्रेमियों के बीच खासा आकर्षण पैदा कर दिया है। कार्बेट में सफारी करने वाले पर्यटकों के लिए यह दृश्य निश्चित रूप से एक लाइफटाइम मोमेंट बन गया।





