उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : मंगल पड़ाव से रोडवेज सड़क चौड़ीकरण के कार्य में आई तेजी,सिटी मजिस्ट्रेट ने दिए कड़े निर्देश…
हल्द्वानी : शहर के प्रमुख मंगल पड़ाव से रोडवेज के मध्य चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है। लंबे समय से यह कार्य ठप पड़ा हुआ था, लेकिन अब नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी के प्रयासों के चलते काम ने रफ्तार पकड़ ली है।इसी क्रम में शुक्रवार को सरस मार्केट के सामने दो भवन स्वामियों द्वारा अपने भवनों के ध्वस्तीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया। नगर मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बताया गया कि इस क्षेत्र में एडीबी (एशियन डेवलपमेंट बैंक) के सहयोग से नाले का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है, जिससे जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। नगर मजिस्ट्रेट द्वारा यह भी बताया गया है कि हाल में दो अन्य व्यक्तियों द्वारा भी माननीय उच्च न्यायालय में दायर रिट याचिकाएं भी वापस ली गयी हैं।इसके अलावा नगर मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार हल्द्वानी ने मंडी से तीनपानी के मध्य चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। पूर्व में दिए गए 15 दिन के नोटिस के अनुपालन की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित 15 दिन की अवधि पूर्ण होने के बाद लोक निर्माण विभाग एवं राजस्व विभाग द्वारा अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क चौड़ीकरण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।





