उत्तराखण्ड
रामनगर: वरिष्ठ पत्रकार राहुल सिंह दरम्वाल ने आज तक टीवी को कहा अलविदा, राजनीति में आने की अटकलें तेज
रामनगर: वरिष्ठ पत्रकार राहुल सिंह दरम्वाल ने नेशनल मीडिया में अपनी लंबी पारी के बाद पत्रकारिता को अलविदा कह दिया है। दरम्वाल लंबे समय से आज तक और इंडिया टुडे ग्रुप से जुड़े रहे थे और अपनी निर्भीक तथा जनहित की पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते रहे हैं।पत्रकारिता से अलग होने के बाद उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने का फैसला लिया है। उनके इस निर्णय के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। दरम्वाल की साफ-सुथरी छवि और समाज के प्रति संवेदनशील लेखनी के कारण विभिन्न राजनीतिक दलों के कई वरिष्ठ नेताओं से उनके अच्छे संबंध बताए जाते हैं।जानकारों का मानना है कि पत्रकारिता के दौरान प्रशासन, पुलिस और व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के कारण उन्होंने कुमाऊं क्षेत्र और पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। यही कारण है कि युवाओं और सामाजिक संगठनों में भी उनका व्यापक समर्थन देखा जाता है।फिलहाल राहुल सिंह दरम्वाल ने किसी राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है, लेकिन उनके करीबी मानते हैं कि वह 2027 से पहले किसी बड़े राजनीतिक दल के साथ जुड़ सकते हैं और 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बना सकते हैं। सूत्रों के अनुसार दरम्वाल के संपर्क भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के कई वरिष्ठ नेताओं से बताए जाते हैं।राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि नैनीताल जनपद की कई विधानसभा सीटों जैसे रामनगर, भीमताल, कालाढूंगी और हल्द्वानी में उनकी अच्छी पकड़ और जनसंपर्क है। खास तौर पर रामनगर क्षेत्र में उनकी सक्रियता बढ़ती दिखाई दे रही है।ऐसे में राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यदि दरम्वाल सक्रिय राजनीति में उतरते हैं, तो वे रामनगर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि इस पर अंतिम फैसला आने वाले समय में ही स्पष्ट हो पाएगा।





