उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: आवारा कुत्तों का आतंक, स्कूल जा रहे बच्चे सहित 16 लोग घायल (CCTV)
हल्द्वानी। हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह पालीशीट वार्ड के शांतिनगर इलाके में परिजन के साथ स्कूल जा रहे एक बच्चे को आवारा कुत्ते ने अचानक काट लिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
स्थानीय पार्षद नेहा अधिकारी और भाजपा नेता विक्रम अधिकारी ने बताया कि इससे एक दिन पहले भी एक स्थानीय निवासी को उसी कुत्ते ने काटा था। इसके बाद उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए कुत्ते को पकड़ने की मांग की है। जानकारी के अनुसार इससे पहले मल्ली बमौरी वार्ड संख्या-48 में भी आवारा कुत्तों ने दो दिनों के भीतर बलवंत कॉलोनी, बल्यूटिया फार्म, कपिल विहार, लक्ष्मी विहार, श्रीकृष्ण विहार, त्रिलोक नगर सहित कई क्षेत्रों में करीब 15 लोगों को काटकर घायल कर दिया था।
घटना के बाद सभी घायलों ने सरकारी और निजी अस्पतालों में एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाए हैं। सूचना मिलने पर नगर निगम की डॉग कैचर टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर कुत्ते को पकड़ने में नाकाम रही और टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। स्थानीय पार्षदों और नागरिकों ने नगर निगम अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।





