उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने छात्रावास निर्माण की समीक्षा…
हल्द्वानी : प्रस्तावित सैनिकों के बच्चों के लिए 150 कक्षों वाले आधुनिक छात्रावास निर्माण की समीक्षा करते सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी
पंतनगर, 18 फरवरी। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज पंतनगर में हल्द्वानी में बनने वाले सैनिकों के बच्चों के लिए प्रस्तावित 150 कक्षों वाले आधुनिक छात्रावास निर्माण के संबंध में मंडी परिषद एवं सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में छात्रावास निर्माण से जुड़ी प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आवश्यक कागज़ी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ किया जाए। बैठक के दौरान मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह छात्रावास सैनिकों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने निर्देश दिए कि प्रस्तावित छात्रावास में आधुनिक सुविधाओं से युक्त लाइब्रेरी, सुव्यवस्थित क्लासरूम, स्पोर्ट्स एक्टिविटी के लिए पर्याप्त स्थान, तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु ट्रेनिंग सेंटर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री जोशी ने अधिकारियों को छात्र एवं छात्राओं के लिए पृथक-पृथक डायनिंग हॉल की व्यवस्था करने के निर्देश देते हुए कहा कि छात्रावास परिसर सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अनुशासित वातावरण प्रदान करने वाला होना चाहिए, जिससे सैनिकों के बच्चों को बेहतर शैक्षिक एवं सर्वांगीण विकास का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कर कमलों द्वारा छात्रावास का शिलान्यास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में प्रस्तावित यह छात्रावास क्षेत्र के पूर्व सैनिक एवं सेवारत सैनिक परिवारों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रि. कर्नल रमेश सिंह, मंडी सहायक अभियंता एम.ए. खान सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।





