उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : सांसद अजय भट्ट ने इन शराब की दुकानों को बंद करने की सीएम धामी से की मांग…
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री वह नैनीताल उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद श्री अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर वार्ता करते हुए एवं पत्र लिखते हुए विदेशी मदिरा की रतिघाट, मंगोली , वज़ून में शराब की दुकान बंद किए जाने की मांग की है।
श्री भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर वार्ता करते हुए बताया कि ग्राम एवं पोस्ट रातीघाट, मंगोली, बजून, जनपद नैनीताल में विदेशी मदिरा की दुकान खोले जाने की प्रक्रिया शासन स्तर पर की जा रही है। इस संबंध में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा गंभीर आपत्ति एवं विरोध व्यक्त किया जा रहा है।
रातीघाट, मंगोली, बजून एक प्रमुख ग्रामीण बाजार क्षेत्र है, जहाँ आसपास के अनेक ग्रामों के लोग दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु आते हैं। इस क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालयों के साथ-साथ शहीद संजय बिष्ट के नाम से राजकीय इंटर कॉलेज भी स्थित है।
ऐसे में इस स्थान पर मदिरा की दुकान खोले जाने से क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा, साथ ही विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं तथा दैनिक उपयोग की वस्तुएँ खरीदने आने वाली महिलाओं को असुविधा एवं असुरक्षा की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अतिरिक्त, विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर भी इस स्थान से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जहाँ प्रतिदिन बडी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु आते हैं। ऐसे धार्मिक एवं संवेदनशील क्षेत्र के समीप मदिरा की दुकान खोले जाना जनभावनाओं के विपरीत प्रतीत होता है।
श्री भट्ट ने साथ ही जिलाधिकारी नैनीताल को भी दूरभाष में वार्ता करते हुए कहा कि जनहित, क्षेत्र की सामाजिक मर्यादा एवं जनभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए ग्राम एवं पोस्ट रातीघाट, मंगोली, बजून में प्रस्तावित विदेशी मदिरा की दुकान को निरस्त करने हेतु आवश्यक कार्यवाही किया जाना आवश्यक है।





