उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: ज्योतिषाचार्य खुशबू कपिल ने स्कूटी से पूरी की माँ नर्मदा की परिक्रमा, घर पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
हल्द्वानी: हल्द्वानी की ज्योतिषाचार्य खुशबू कपिल ने स्कूटी से माँ नर्मदा की परिक्रमा पूरी कर एक अनूठा और साहसिक उदाहरण प्रस्तुत किया है। अपनी यात्रा पूरी करने के बाद रविवार को वह हल्द्वानी पहुंचीं, जहाँ स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया।
खुशबू कपिल ने बताया कि उनकी यह नर्मदा परिक्रमा बेहद साहसिक और रोमांचकारी रही। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर कठिन रास्तों और चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन स्थानीय लोगों का सहयोग और माँ नर्मदा का आशीर्वाद उन्हें लगातार मिलता रहा। उन्होंने कहा कि इसी आस्था और विश्वास के कारण वह यह यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर सकीं।
नर्मदा परिक्रमा हिंदू धर्म की महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में से एक मानी जाती है। इसमें श्रद्धालु पवित्र नर्मदा नदी के उद्गम से लेकर उसके समुद्र में मिलने तक दोनों तटों के किनारे-किनारे पैदल या विभिन्न साधनों से परिक्रमा करते हैं। यह परिक्रमा लगभग 3,000 किलोमीटर से अधिक की होती है और परंपरागत रूप से इसे पूरा करने में कई महीने लग जाते हैं।
खुशबू कपिल की इस साहसिक यात्रा को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा गया और लोगों ने उनके इस प्रयास की सराहना की।





