उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा-2026 : सेनानायक, SDRF अर्पण यदुवंशी द्वारा SDRF की तैयारियों का व्यापक निरीक्षण
चारधाम यात्रा-2026 : सेनानायक, SDRF श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा SDRF की तैयारियों का व्यापक निरीक्षण
चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम एवं श्रद्धालु-केंद्रित बनाने के संकल्प के साथ राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना प्रारंभ कर दिया है। इसी क्रम में दिनांक 11 अप्रैल 2026 को सेनानायक, SDRF श्री अर्पण यदुवंशी ने SDRF की समस्त परिचालन व्यवस्थाओं का भौतिक एवं विस्तृत निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मूल उद्देश्य यात्रा के दौरान त्वरित आपदा प्रतिक्रिया, प्रभावी अंतर-इकाई समन्वय एवं आधुनिक संसाधनों के माध्यम से जोखिमों को न्यूनतम करना रहा।
वाहिनी स्टोर निरीक्षण के दौरान में समस्त रेस्क्यू उपकरणों की गहन जाँच कर उनकी गुणवत्ता एवम कार्यक्षमता सुनिश्चित की गई तथा MT शाखा में वाहनों का ट्रायल लेकर आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी त्वरित संचालन क्षमता का आकलन किया गया। इसके साथ ही संचार प्रणाली, लॉजिस्टिक सपोर्ट, आपदा प्रतिक्रिया तंत्र, डॉग स्क्वाड एवं पैरामेडिकल व्यवस्थाओं की समग्र समीक्षा की गई तथा यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक इकाई किसी भी परिस्थिति में प्रभावी एवं समन्वित प्रतिक्रिया देने हेतु पूर्णतः तैयार रहे।
सेनानायक महोदय द्वारा निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी उपकरणों एवं वाहनों को हर समय क्रियाशील स्थिति में रखा जाए और उनका नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाए। संचार प्रणाली को निर्बाध एवं सशक्त बनाए रखते हुए विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर रणनीतिक तैनाती सुनिश्चित करने के साथ-साथ नियमित मॉक अभ्यास के माध्यम से टीमों की तत्परता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग पर प्रमुख स्थानों पर सूचनात्मक एवं जागरूकता संबंधी बैनर स्थापित करने तथा आवश्यक दिशा-निर्देश स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। सेनानायक महोदय ने सभी इकाइयों को किसी भी आकस्मिक स्थिति में उच्च स्तरीय सतर्कता एवं समर्पण के साथ तत्काल एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। SDRF की यह व्यापक तैयारी इस बात का प्रमाण है कि चारधाम यात्रा-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा हर मोर्चे पर सुनिश्चित की जाएगी।





