उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : स्मैक तस्करी करती पकड़ी गई बनभूलपुरा की बुर्काधारी जोया खान
हल्द्वानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र से एक बुर्काधारी महिला तस्कर, जोया खान, को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 132 ग्राम स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 27 मार्च को हल्द्वानी के एफटीआई गेट के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध महिला को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान गौजाजाली, बनभूलपुरा निवासी जोया खान के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए स्पष्ट कहा कि जिले में नशा तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस टीम को 2000 रुपये के नकद इनाम से भी पुरस्कृत किया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस वर्ष के पहले तीन महीनों में ही 18 तस्करों को गिरफ्तार कर 2 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक की स्मैक बरामद की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी लगातार जारी है, ताकि इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके,पिछले कई दिनों से बनभूलपुरा में नशे का कारोबार तेजी के साथ बढ़ा है।





