उत्तराखण्ड
बागेश्वर : कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कलेक्ट्रेट परिसर का किया निरीक्षण, अभिलेखों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा…
कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने जनपद भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे के साथ कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं, अभिलेख संधारण एवं लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान नज़रत अनुभाग में सरकारी वाहनों की मरम्मत, ईंधन व्यय तथा उपलब्ध बजट की स्थिति से आयुक्त को अवगत कराया गया। ईंधन मद में व्यय की समीक्षा करते हुए दस्तावेज और बीजक अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखें जाने के निर्देश दिए गए। शस्त्र संबंधी अभिलेखों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया तथा उनके अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए गए।
कार्यालय के विभिन्न पटलो का निरीक्षण करते हुए कार्य वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई। कर्मचारियों से संवाद कर दायित्वों के स्पष्ट निर्धारण, फाइलों के समयबद्ध निस्तारण तथा विभिन्न स्तरों पर लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए। समस्त दस्तावेजों एवं अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर अभिलेख संधारण व्यवस्था की जांच की गई।
तत्पश्चात खनन अनुभाग में खनन से संबंधित प्रकरणों, राजस्व प्राप्तियों एवं लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला खनिज निधि के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व, शिकायत, शस्त्र एवं नागरिक सुरक्षा पटल का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं समयबद्ध निस्तारण पर बल दिया गया। न्यायालय संबंधी कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा कर अभिलेखों की जांच की गई तथा लंबित वादों के त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी, उप जिलाधिकारी अनिल चनियाल सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





