उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : गौलापार में शॉर्ट सर्किट से गेहूं लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी भीषण आग, चालक गंभीर रूप से झुलसा (वीडियो)
हल्द्वानी: गौलापार में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां शॉर्ट सर्किट के चलते खड़ी गेहूं की फसल से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम सुंदरपुर रैकवाल निवासी भवान सिंह बिष्ट की गेहूं की फसल को ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए उनके घर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी सूखी फसल पर गिर गई, जिससे तुरंत आग भड़क उठी। घटना इतनी अचानक हुई कि ट्रैक्टर चालक रमेश चंद्र को संभलने का मौका नहीं मिल पाया और वह आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल चालक को इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। ग्राम प्रधान नीरज रैकवाल और अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से घायल चालक और गेहूं के मालिक को उचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।





