उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: नगर आयुक्त ऋचा सिंह के प्रयास से बंदरों के आतंक पर लगाम, अब तक 99 बंदरों का रेस्क्यू
हल्द्वानी: शहर में बढ़ते बंदर आतंक से परेशान लोगों को अब राहत मिलनी शुरू हो गई है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह के प्रयास से नगर निगम ने मथुरा की एक विशेषज्ञ संस्था के साथ अनुबंध कर बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को काठगोदाम क्षेत्र और सुशीला तिवारी अस्पताल के आसपास यह अभियान चलाया गया, जिसमें 13 बंदरों को पकड़ने में सफलता मिली।
नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जनहित में की जा रही है और अब तक 99 बंदरों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां से बंदरों के उत्पात की शिकायतें मिल रही हैं, वहां तत्काल टीम भेजी जा रही है।
शहर के कई इलाकों में लंबे समय से बंदरों द्वारा राहगीरों, स्कूली बच्चों और मरीजों को परेशान करने की शिकायतें मिल रही थीं। कई जगहों पर बंदरों द्वारा काटने की घटनाएं भी सामने आई थीं। ऐसे में नगर निगम की इस कार्यवाही से लोगों ने राहत की सांस ली है। ऋचा सिंह ने कार्यभार संभालते ही शहर की बुनियादी समस्याओं की पहचान कर समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। बंदर पकड़ने का अभियान भी इसी का हिस्सा है। नगर निगम की इस कार्यवाही को आम जनता ने सराहा है और नगर आयुक्त की कार्यशैली पर भरोसा जताया है। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे बंदरों की मौजूदगी या उपद्रव की सूचना तत्काल निगम को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।





