उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: बियरशिबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के दो विद्यार्थियों का इंस्पायर अवार्ड – मानक 2025-26 के लिए चयन
हल्द्वानी। बियरशिबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी के लिए गौरव का क्षण है कि विद्यालय के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन इंस्पायर अवार्ड – मानक 2025–26 के अंतर्गत किया गया है। यह योजना भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित की जाती है, जिसका उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार को बढ़ावा देना है।
कक्षा 8 की छात्रा कनिका कनवाल ने “उपकरणों के लिए संशोधित हैंडल” विषय पर अपना अभिनव प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा 10 के छात्र आरुष सिंह गैड़ा ने “गन्ना तना काटने की मशीन” विषय पर उपयोगी एवं व्यावहारिक समाधान का प्रस्ताव रखा। दोनों विद्यार्थियों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट की विस्तृत रूपरेखा (ब्लूप्रिंट) तैयार कर प्रस्तुत की, जिसे चयन समिति द्वारा सराहा गया।
योजना के अंतर्गत चयनित प्रत्येक विद्यार्थी को अपने प्रोजेक्ट का कार्यशील मॉडल (प्रोटोटाइप) विकसित करने के लिए ₹10,000 की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय की संस्थापक प्रबंधक निरूपमा भट्ट तलवार, प्रबंधक तिलक राज तलवार, प्रधानाचार्या मीना सती, उप-प्रधानाचार्य एच. एस. बब्बर, प्रशासक निशा सिंह, सलाहकार के. दत्त, विभागाध्यक्ष अनीता बिष्ट, कक्षा अध्यापिका शोभा नियोलिया सहित समस्त शिक्षकों ने दोनों विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने इस सफलता को विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और परिश्रम का परिणाम बताया है।





