उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: मिडिल ईस्ट युद्ध का असर, पेट्रोल पंपों पर लगी यह सूचना,प्रशासन ने कहा स्थिति सामान्य…
हल्द्वानी: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच देश के कई हिस्सों में पेट्रोल-डीजल सप्लाई प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं। इसी क्रम में हल्द्वानी से भी पेट्रोल संकट की स्थिति देखने को मिल रही है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर “पेट्रोल समाप्त है” के नोटिस लगाए गए हैं, जिससे वाहन चालकों में चिंता का माहौल बन गया है। स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में लोग अपनी स्कूटी, बाइक और कार की टंकियां फुल कराने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार, पीछे से सप्लाई प्रभावित होने के कारण यह स्थिति बनी है। कई पंपों पर जहां स्पीड यानी प्रीमियम पेट्रोल उपलब्ध है, वहीं सामान्य पेट्रोल की कमी देखने को मिल रही है। पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चड्ढा ने बताया कि फिलहाल पेट्रोल-डीजल की स्थिति पूरी तरह से गंभीर नहीं है, लेकिन कंपनियां मांग के अनुसार सप्लाई नहीं दे पा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें, जमाखोरी से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अगले दो-तीन दिनों में सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ने स्पष्ट किया कि सभी पेट्रोलियम कंपनियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और सप्लाई में किसी बड़ी बाधा की बात सामने नहीं आई है। साथ ही उन्होंने सख्त निर्देश दिए हैं कि बिना वाहन के किसी अन्य माध्यम से पेट्रोल-डीजल का भंडारण नहीं किया जाएगा। प्रशासन और डीलर्स दोनों ही हालात पर नजर बनाए हुए हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही सप्लाई सामान्य हो जाएगी।





